सिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया एनटीपीसी का 51वां स्थापना दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । एनटीपीसी विंध्याचल में 7 नवम्बर 2025 को एनटीपीसी लिमिटेड का 51वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह, गर्व और सतत विकास के प्रति नव संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासनिक भवन प्रांगण में परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) संजीब कुमार साहा द्वारा ध्वजारोहण एवं प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों और सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एनटीपीसी की यात्रा की सराहना की, जो एक कोयला आधारित विद्युत उत्पादक से वैश्विक स्तर पर विविध और सतत ऊर्जा समाधान प्रदान करने वाले अग्रणी संगठन के रूप में विकसित हुआ है।
स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत अंबेडकर स्टेडियम में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें आँवला, जामुन और अमरूद के 2000 फलदार पौधे रोपे गए। साथ ही, परियोजना की सीएसआर पहल के अंतर्गत ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सिंगरौली के सहयोग से संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की 17 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य और नवाचार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 07 “पावर एक्सेल अवॉर्ड” तथा 05 “एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर अवॉर्ड” प्रदान किए गए। साथ ही, राघवेंद्र प्रसाद, अपर महाप्रबंधक (आरएलआई) द्वारा रचित प्रेरक पुस्तक “टॉक द वॉक” का विमोचन भी श्री साहा एवं वरिष्ठ प्रबंधन टीम द्वारा किया गया। 50 प्रेरणादायक कार्यस्थल कथाओं पर आधारित यह पुस्तक एनटीपीसी की संस्कृति, मूल्यों और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त करती है।
इन सभी कार्यक्रमों का नेतृत्व संजीब कुमार साहा द्वारा किया गया। इस अवसर पर ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम); डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा), देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ), राकेश अरोड़ा, मानव संसाधन प्रमुख सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। यह आयोजन एनटीपीसी विंध्याचल की एकता, उत्कृष्टता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सजीव प्रतीक रहा, जो राष्ट्र के महत्वपूर्ण विकास में एनटीपीसी की गौरवशाली विरासत को दर्शाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button