पीड़िता को जान से मारने की धमकी, एसपी से न्याय की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गौरीगंज-अमेठी। एसपी कार्यालय पर शिकायत करने पहुंची पीड़िता को आरोपी के घर वाले जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता गौरीगंज थाने में तहरीर दी है।लेकिन अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज करना मुनासिब नहीं समझा। जिससे पीड़िता के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगायी है। मालूम हो कि पुरवा नवाडीह खुड़ियापुर शाहगढ़ थाना मुंशीगंज निवासिनी शालू पाण्डेय बीते 27 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय गौरीगंज में आरोपी नौशाद आलम निवासी शाहगढ़ के परिवार के खिलाफ प्रार्थना पत्र देने गयी थी।जो अभी जेल में बंद है। इसी बीच आरोपी के बड़े भाई मिराज अहमद व दो-तीन अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा करते हुए वहां पर आ गये। और धमकी देते हुए बोले कि अगर कहीं शिकायत करोगी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।यह कहते हुए वहां से चले गये। जिसके बाद पीड़िता गौरीगंज थाने पहुंची और मामले की जानकारी दी। पीड़िता को समझाते हुए पुलिस ने कहा कि कल आना,देखा जायेगा। दूसरे दिन जब महिला थाने पहुंची तो पुलिस ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि एसपी कार्यालय में लगा सीसीटीवी कैमरा कुछ टेक्निकल समस्या के कारण चेक नहीं हो पाया,जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।लेकिन अभी तक मुकदमा नहीं दर्ज किया गया,जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़िता डरी व सहमी हुई है कि उसके पति व उसकी हत्या न हो जाय। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

