एमआईईटी में इंजीनियरिंग के नवाचार और भविष्य की प्रवृत्तियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। एमआईईटी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग) विभागों द्वारा इंजीनियरिंग में नवाचार और भविष्य की प्रवृत्तियाँ, एक वैश्विक दृष्टिकोण” पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. निलेश पांडे, पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्चर, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, अमेरिका उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्रों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉ. रणबीर सिंह, विभागाध्यक्ष ने अतिथि और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और आयोजन के संयोजकों कुँवर बाबर अली, डॉ. अनामिका सिंह, मोहित कुमार तथा टीम इंटेलिया को बधाई दी। डॉ. नरेश कुमार, डीन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग एवं आईटी ने छात्रों को संबोधित करते हुए डिजिटल और भौतिक प्रणालियों के एकीकृत तकनीकी परिदृश्य पर प्रकाश डाला।
डॉ. निलेश पांडे ने छात्रों को वैश्विक इंजीनियरिंग नवाचार, अनुसंधान प्रवृत्तियाँ और भविष्य के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने विदेशी उच्च शिक्षा, छात्रवृत्तियाँ और एआई/एमएल में वैश्विक रोजगार अवसरों की जानकारी दी। सत्र इंटरएक्टिव रहा और छात्रों के प्रश्नों का समाधान धैर्यपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का समापन कुँवर बाबर अली और अखिलेश पांडे द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर हुआ। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनामिका सिंह ने प्रस्तुत किया।


