सिंगरौली
झाड़ियों में समाहित जोगियानी का आंगनवाड़ी भवन
एक दशक से बंद पड़ा भवन बना खंडहर, अधिकारियों की लापरवाही उजागर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली :- बैढ़न विकासखंड के माड़ा क्षेत्र अंतर्गत बसौड़ा ग्राम पंचायत के जोगियानी गांव में महिला एवं बाल विकास विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। करीब एक दशक पूर्व 17 लाख रुपये की लागत से बने आंगनवाड़ी केंद्र का भवन आज झाड़ियों में समा गया है और खंडहर बन चुका है।
गांव के रहवासियों के अनुसार यह भवन गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर एक पहाड़ी इलाके में बनाया गया था। ग्रामीणों ने निर्माण के समय ही विरोध जताया था, क्योंकि इतनी दूर छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का पहुंचना मुश्किल था। बावजूद इसके अधिकारियों ने ग्रामीणों की आपत्तियों को दरकिनार कर भवन का निर्माण पूरा करा दिया।
नतीजा यह हुआ कि भवन में आज तक आंगनवाड़ी का संचालन शुरू नहीं हो सका। चारों ओर फैली जंगली झाड़ियां, टूटती दीवारें और जर्जर छत इस बात की गवाही दे रही हैं कि सरकारी धन पानी की तरह बहाया गया, लेकिन योजना का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से ही एक आंगनवाड़ी केंद्र किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जबकि सरकारी खर्च से बने पक्के भवन का उपयोग कभी हुआ ही नहीं। उनका आरोप है कि यह अधिकारियों की मिलीभगत और फर्जी खर्च दिखाकर सरकारी धन हड़पने का मामला है।
इस मामले पर जब जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) जितेंद्र कुमार गुप्ता से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला मेरी जानकारी में नहीं था। अब विभाग इसकी जांच कराएगा और यह पता लगाया जाएगा कि भवन निर्माण के बाद संचालन क्यों नहीं शुरू किया गया।



