मथुरा

ई-रिक्शा चालकों का यातायात माह को ठेंगा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। पुलिस प्रशासन का भले ही यातायात माह चल रहा हो, लेकिन महानगर की यातायात व्यवस्था जस के तस है। महानगर के मुख्य बाजार व मार्गों पर लोग जाम के हालात से तो गुजर रही रहे हैं, बल्कि रविवार को तो श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गोविंद नगर प्रवेश मार्ग पर लोग घंटों से जाम से जूझते रहे। यह जाम भी कहीं और नहीं गोविंद नगर थाने के सामने लगा रहा। ई-रिक्शों चालकों ने यहां मुख्य मार्ग पर ही ई-रिक्शे खड़े कर दिए, जिनको हटाने की जहमत तक पुलिस ने नहीं उठायी। यातायात माह की शुरुआत ब्रज रज उत्सव स्थल पर जिस धूमधाम से की गई थी, उससे लगता था कि कम से कम लोगों को नवंबर माह तो जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। पुलिस प्रशासन योजनाबद्ध तरीके से जाम की समस्या का समाधान निकालेगा। परंतु, हालात ठीक इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। महानगर के मुख्य मार्ग अब भी जाम से कराह रहे हैं। रविवार को तो श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गोविंद नगर प्रवेश मार्ग पर ई-रिक्शा चालकों का भारी आतंक देखने को मिला। यहां पर मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा चालकों ने एक नहीं करीब एक सैंकड़ा ई-रिक्शा खड़े कर दिए। इसके चलते जाम लग गया। जाम के चलते श्रीकृष्ण जन्मस्थान आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भी फंस गए। यही नहीं गोविंद नगर और महाविद्या कालोनी जाने वालों का मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। लोग ई-रिक्शा चालकों पर चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन किसी भी ई-रिक्शा चालक ने उनकी बात नहीं सुनी। इतना ही नहीं थाना गोविंद नगर पुलिस भी सारा नजारा मूकदर्शक की तरह देखती नजर आयी। एक-दो वाहन चालकों व दुकानदारों ने ई-रिक्शा चालकों से रोका-टोकी की तो वे मारपीट भी उतारू हो गये। नगर निगम के पार्षद व केबिनेट सदस्य नीरज वशिष्ठ भी इस जाम में फंस गए। उन्होंने भी जाम खुलवाने के प्रयास किए, लेकिन किसी भी ई-रिक्शा चालक ने ई-रिक्शे को मुख्य मार्ग से नहीं हटाया। ई-रिक्शा चालक मुख्य मार्ग पर ही सवारियां उतारते और सवारियां बैठाते रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button