ललितपुर

तालाबपुरा में नाली-सड़क पर अवैध कब्जा करने का आरोप

निकासी-आवागमन अवरुद्ध होने से जनजीवन बेहाल

नागरिकों ने डीएम को ज्ञापन देकर लगाई गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 तालाबपुरा में नाली एवं सड़क पर किए जा रहे अवैध कब्जा कर निर्माण कार्यों के कारण आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए तत्काल हस्तक्षेप और समाधान की मांग की है। प्रार्थना पत्र में नागरिकों ने बताया कि वार्ड-20 तालाबपुरा में मुख्य सड़क के मध्यनालीको बंद कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे मोहल्ले में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क संकरी होने के कारण छोटे वाहनों और स्कूली बच्चों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन फंसने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। निवासियों का कहना है कि नाली के केप (ढक्कन) ठीक से नहीं लगाए गए हैं, जिससे गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे बदबू, गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। बिना वैकल्पिक मार्ग बनाए सड़क और नाली को खोद दिया गया, जिससे पूरे मोहल्ले की आवाजाही ठप हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके पर निरीक्षण कराकर सड़क व नाली के निर्माण कार्य को नियमानुसार कराया जाए। साथ ही नाली की तत्काल सफाई कराकर ढक्कन व्यवस्थित रूप से लगाए जाएं, ताकि जलभराव और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। वार्ड-20 तालाबपुरा के लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। यह मामला ललितपुर शहर में बुनियादी सुविधाओं और नगर प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह है कि नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। ज्ञापन देते समय पार्षद जगदीश यादव, रविकान्त तिवारी, भगवत नारायण बाजपेई, रानी, लालू, राहुल कुमार, आशु चतुर्वेदी, आदित्य सोनी, अरविन्द कुमार, राहुल, घनश्याम, चन्दन कुमार, प्रेमनारायण, विजय, गोकुल, रामदास के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button