बागपत

निर्यात से बढ़ेगी किसानों की आय, खुशहाली और समृद्धि के खुलेंगे नए रास्ते

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक महाविद्यालय, बड़ौत के सभागार में क्षमता संवर्धन कार्यक्रम एवं कृषि निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी ने बागपत ब्लूम फेडरेशन एफपीओ के सहयोग से किया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मनीष तोमर ने कहा कि कृषि उत्पादों का निर्यात किसानों की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होंगे तो देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। कृषि निर्यात को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
वाराणसी से आए मुख्य अतिथि मुकेश कुमार ने क्षमता निर्माण कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं एफपीओ प्रतिनिधियों को कृषि निर्यात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने एपीडा की भूमिका एवं कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कृषि उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया, IEC, RCMC पंजीकरण, आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेजों की जानकारी दी।
उन्होंने भारत कृषि निर्यात योजना (Bharat Krishi Niryat Yojana), बाजार संपर्क (Market Linkages) तथा बायर-सेलर मीट (Buyer-Seller Meet) के माध्यम से किसानों एवं किसान उत्पादक संगठनों को निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में रवि शास्त्री ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं एफपीओ की निर्यात संबंधी क्षमता विकसित करना तथा जनपद बागपत के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाकर कृषि निर्यात को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्यात की प्रक्रिया और बाजार की मांग की जानकारी मिलने से उन्हें अपनी उपज के बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर बागपत ब्लूम फेडरेशन के अध्यक्ष कपिल आर्य ने सभी किसानों एवं एफपीओ प्रतिनिधियों से एकजुट होकर निर्यात की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जनपद के कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाई जा सकती है।
कार्यक्रम में धर्मपाल त्यागी, राजीव तोमर, सत्येंद्र सिंह, आरती मान, चौधरी महिपाल सिंह, मुकेश विद्यालंकर, पाहुल, अनुज सहित अनेक किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button