गोड्डा
मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन, एसपी ने दिए अहम निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा । पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में जिला पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, परिचारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, विधि – व्यवस्था की स्थिति एवं पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा किया गया। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मुख्य रूप से मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर विशेष निगरानी रखते हुए ठोस कार्रवाई करने का निर्देश। चोरी व गृहभेदन संबंधी कांडों का त्वरित उद्भेदन एवं चोरी गए सामानों की बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। अवैध शराब, कौरेक्स, गांजा आदि मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी में संलिप्त लोगों पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई के निर्देश। वाहन दुर्घटना व चोरी रोकने हेतु थाना क्षेत्र में समय – समय पर बदल-बदल कर वाहन जांच अभियान चलाने को कहा गया। बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप्स व अन्य महत्त्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की नियमित समीक्षा करने के निर्देश। लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर न्याय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल पर सभी आंकड़ों की समय पर प्रविष्टि कराने को कहा गया। सभी थानों को अधिकाधिक कांडों के निष्पादन का लक्ष्य दिया गया तथा लंबित वारंट व कुर्की मामलों के निपटारे का निर्देश दिया गया। फरार अभियुक्तों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया। अवैध खनन रोकथाम हेतु खनन विभाग एवं अंचल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विधि-सम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अनुसंधानकर्ताओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश पुलिस निरीक्षकों को दिया गया। चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन व पुलिस हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। सम्पत्ति मूलक अपराधों पर नियंत्रण के लिए गुंडा पंजी का अद्यतन करने एवं अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश। महिलाओं के प्रति अपराध की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। समय-समय पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश। डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर प्रतिवेदन सीसीआर/डायल-112 कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। अंत में पुलिस सभा का आयोजन कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




