पाकुड़ प्रखण्ड की कई पंचायतों में ईएसआर निर्माण की प्रक्रिया अधर में, भूमि चयन में देरी से शुद्ध पेयजल योजना पर संकट
मनिरामपुर/संग्रामपुर/ जिकरहाटी पश्चिमी सहित अन्य पंचायतों में ईएसआर निर्माण को लेकर जिला प्रशासन से ठोस पहल की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़ प्रखण्ड अन्तर्गत मनिरामपुर, संग्रामपुर, झिकारहाटी पश्चिमी सहित अन्य चिन्हित पंचायतों में आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित ईएसआर/ जल मिनार (एलिवेटेड सर्विस रिजर्वायर) निर्माण की प्रक्रिया विभागीय कार्रवाई के बावजूद अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसका प्रमुख कारण भूमि की उपलब्धता एवं भूमि चयन को लेकर उत्पन्न हो रही असमंजस की स्थिति बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सम्बन्धित पंचायतों में ईएसआर निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन अब तक भूमि को अंतिम रूप नहीं दिए जाने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। स्थिति यह है कि जब भी विभागीय अभियंता या अधिकारी भूमि चिन्हित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेते हैं, तो अलग-अलग समय पर अलग-अलग स्थलों को दिखाया जाता है। इससे भूमि चयन की प्रक्रिया जटिल होती जा रही है और महत्वपूर्ण पेयजल योजना में अनावश्यक विलंब हो रहा है। गौरतलब है कि बरसात के मौसम में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के नेतृत्व में एक टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया था। हालांकि, आरोप है कि निरीक्षण के दौरान पूर्व में जहां मिट्टी की जांच (सॉइल टेस्ट) कराई गई थी, उस स्थान को दिखाने के बजाय खेल मैदान वाले स्थल को निरीक्षण के लिए प्रस्तुत किया गया। इस घटनाक्रम से भूमि चयन की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि मनिरामपुर पंचायत के दिघी ( विराट जलाशय किनारे) स्थित स्थल के उत्तर-पूर्वी हिस्से में, जहां लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व विभाग की ओर से सॉइल टेस्ट कराया गया था, वहां पुनः स्थल निरीक्षण कराया जाए। बताया जाता है कि उल्लेखनीय स्थल पर/ के उत्तर दिशा में) भूमि के अधिग्रहण के सम्बन्ध में पीएचईडी विभाग की ओर से भू-अर्जन पदाधिकारी, पाकुड़ को भी पत्राचार किया गया था। साथ ही भू-अर्जन पदाधिकारी, पाकुड़ की ओर से भूमि प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के संदर्भ में अंचल अधिकारी, पाकुड़ को पत्रचार किया गया। इसलिए पूर्व में जांच किए गये स्थल की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर भूमि अधिग्रहण की दिशा में आवश्यक एवं ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय स्तर पर यह भी मांग उठ रही है कि पाकुड़ प्रखण्ड की मनिरामपुर, संग्रामपुर, झिकारहाटी पश्चिमी समेत अन्य चिन्हित पंचायतों में ईएसआर निर्माण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सरकारी लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर क्षेत्रीय विधायक से भी इस मामले में आवश्यक पहल करने की अपेक्षा जताई जा रही है, ताकि विभागीय स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं को गति मिल सके।
समय रहते नहीं हुई पहल तो बढ़ सकती है परेशानी
यदि भूमि चयन और अधिग्रहण की प्रक्रिया में इसी तरह देरी होती रही, तो प्रस्तावित पेयजल योजनाओं के धरातल पर उतरने में और अधिक समय लग सकता है। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का उद्देश्य प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए जिला प्रशासन, पीएचईडी विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि प्रस्तावित ईएसआर निर्माण कार्य को वास्तविक रूप दिया जा सके और आम जनता को इसका लाभ मिल सके। पीएचडी विभाग के कार्यपालक अभियंता के अनुसार मनिरामपुर पंचायत में ईएसआर निर्माण के ध्यानार्थ भूमि प्रतिवेदन आने में विलंब होने के कारण निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई बाधित हो रही है, जो चिंतनीय विषय है। वही सूत्रों से ज्ञात प्राप्त अनुसार अंचल अधिकारी, पाकुड़ के द्वारा ग्रामीण जनप्रतिनिधि को इस दिशा में आवश्यक सहायतार्थ के ध्यानार्थ पत्रचार किया गया है। मगर अब तक सकारात्मक पहल ग्रामीण जनप्रतिनिधि की ओर से नहीं प्राप्त होना, कहीं न कहीं ग्रामीण जनप्रतिनिधि की इच्छा शक्ति की कमी सहित निजी स्वार्थ की अंदेशा स्पष्ट रूप से साफ झलकता हुआ महसूस की जा रही है।



