
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। संग्रामपुर थाने में तैनात दरोगा कर्मवीर सिंह को एंटी करप्शन टीम ने लखनऊ में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, दरोगा ने एक प्रकरण में फाइनल रिपोर्ट लगाने के बदले शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए की मांग की थी।
शिकायतकर्ता की सूचना पर एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप की पूरी योजना बनाई और लखनऊ के गोमतीनगर स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल के गेट नंबर-7 पर दरोगा को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
टीम ने मौके से 30 हजार रुपए की रिश्वत की रकम भी बरामद किया ।एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर पहले से निगरानी रखी जा रही थी। तय समय और स्थान पर पहुंचते ही दरोगा कर्मवीर सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद दरोगा को एंटी करप्शन कार्यालय ले जाकर पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने रकम लेने की बात कबूल की है। टीम ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

