सूरज कुमार पटेल हत्याकांड का उद्भेदन करने में विफल पुलिस प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों ने दिया धरना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोकारो : नावाडीह थाना क्षेत्र के बाराडीह निवासी शशि भूषण महतो के पुत्र सूरज कुमार पटेल हत्याकांड का उद्भेदन कर पाने में असफल नावाडीह पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुरुवार को बाराडीह के ग्रामीणों ने नावाडीह थाना मोड़ में धरना प्रदर्शन किया.उक्त हत्याकांड के तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा छानबीन कर खुलासा नहीं किए जाने पर क्षोभ व्यक्त किया गया और नावाडीह पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथ में तख्तियां लेकर हत्याकांड का शीघ्र उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
ज्ञात हो कि विगत 20 अगस्त की शाम को प्रतिमा विसर्जन के बाद मृतक सूरज कुमार के घर नहीं लौटने पर उसके परिजन आस पास के लोगों से पूछ ताछ किए। सुबह दूसरे दिन भी जब उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया पर संपर्क नहीं हो पाया. तब नावाडीह थाना में उसके लापता होने की रपट लिखाई गई, वहीं 22 अगस्त को दोपहर बाद उक्त लापता सूरज कुमार की लाश बाराड़ीह गांव के टंडा बारी ईंट भट्ठा के समीप झाड़ी में मिली थी। पुलिस द्वारा मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके बाद मामले की छान बिन की जाने लगी। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि तीन महीने गुजर जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त कांड का न तो खुलासा हो पाया और न ही अपराधियों की गिरफ्तारी हो पायी है.



