धर्ममथुरा

बांकेबिहारी मंदिर में धूमधाम से मनाई जाएगी बिहार पंचमी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में ब्रजधाम में 25 नवंबर को बिहार पंचमी पर जन-जन के आराध्य ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी महाराज का 482 वां प्रादुर्भावोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्सव को दिव्य और भव्य बनाने के लिए हाईपावर्ड कमेटी ने दिल खोल खर्च करने का निर्णय लिया है। पिछली बार से इस बार ज्यादा धनराशि स्वीकृत की गई है। हाईपावर्ड कमेटी ने इस बार बांकेबिहारी जी के प्राकट्योत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए सात लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। पिछले वर्ष करीब साढे़ चार लाख रुपये खर्च किए गए थे। इस बार उत्सव को ओर भी भव्य बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे। सेवायत दिनेश गोस्वामी के इस सुझाव पर अध्यक्ष ने मुहर लगाई। इसके अतिरिक्त श्रीहरिदासपीठ मंदिर एवं निधिवनराज में कई कार्यक्रम मनोहारी कार्यक्रम आयोजित होंगे। उत्सव का सर्वप्रमुख आकर्षण निधिवनराज से बिहारीजी मंदिर तक निकलने वाली श्रीस्वामी हरिदासजी महाराज की बधाई शोभायात्रा रहेगी। 25 नवंबर को प्रातःकाल निधिवन स्थित श्री बांकेबिहारीजी के प्राकट्योत्सव में पंचगव्य पदार्थों से दिव्य अभिषेक करके विशेष आरती उतारी जाएगी। पीत वस्त्राभूषणों से सजे ठाकुरजी को देशी घी से निर्मित मूंगदाल व सूजी का मोहनभोग (हलुआ) एवं मेवा का विशेष भोग धराया जाएगा। इसके बाद स्वामी हरिदासजी शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण करते हुए दोपहर करीब 12 बजे अपने आराध्य श्री बांकेबिहारीजी महाराज को प्रादुर्भावोत्सव की बधाई देने श्री बिहारीजी मंदिर पहुंचेंगे। यहां श्री हरिदास बिहारीजी महाराज को संयुक्त रूप से भोगराग धराने के उपरांत राजभोग आरती उतार कर भक्तों को उपहार वितरित किए जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button