नावाडीह में ‘Sardar@150 – यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन
सांसद चन्द्रदप्रकाश चौधरी ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “Sardar@150 – Unity March” के तहत शुक्रवार को नावाडीह में राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का अत्यंत उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नावाडीह स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स नावाडीह के समीप फुटबॉल मैदान से प्रारंभ किया गया जिसका शुभारंभ गिरिडीह लोकसभा सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी ने हरी झण्डी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं, स्वयंसेवकों, शिक्षकों, छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता भारत माता की जय और एकता में शक्ति है जैसे नारे लगाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अपने संबोधन में सांसद श्री चन्द्र प्रकाशचौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 550 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता को जिस रूप में गढ़ा, वह प्रेरणादायी है। आज का युवा देश को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है। राष्ट्र-निर्माण के इस मार्ग पर हमें एकजुट रहकर आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने युवाओं से स्वदेशी भावना अपनाने, नशा-त्याग करने तथा विकसित भारत के सपने को साकार करने का आग्रह किया।
पदयात्रा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स नावाडीह के समीप फुटबॉल मैदान नावाडीह पंच मंदिर बिनोद बिहारी महतो चौक होते हुए नावाडीह स्टेडियम पहुँची। पूरे मार्ग में विभिन्न विद्यालयों एवं युवाओं ने झंडे, पोस्टर और राष्ट्रीय एकता के संदेशों के साथ कदमताल किया।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भूमिका-निर्माण के माध्यम से सरदार पटेल के योगदान को प्रदर्शित किया। वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मंच से सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में करीब 600 से अधिक शिक्षार्थी, युवा संगठन, एवं स्थानीय नागरिक उत्साह के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भर भारत एवं नशा मुक्ति शपथ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने सामाजिक सुधार और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सार्वजनिक रूप से व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड प्रशासन, युवा संगठनों, स्थानीय विद्यालयों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने समन्वयपूर्ण भूमिका निभाई। मंच पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने भी युवाओं के जज़्बे और अनुशासन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्री गौरव कुमार ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षण संस्थानों, प्रशासनिक पदाधिकारियों और स्वयंसेवी संगठनों को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की वास्तविक ताकत है। आज की यह एकता पदयात्रा इस बात का उदाहरण है कि बोकारो का युवा राष्ट्रहित में संकल्पित और प्रेरित है।
कार्यक्रम का मंच संचालन सासंद प्रतिनिधि फुलचंद किस्कु ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन पुर्व प्रमुख मोहन महतो ने किया ।
मौक़े पर नावाडीह प्रखंड प्रमुख पुनम देवी, मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी गौरभ कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार हेम्ब्रम, थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, मुखिया संघ के बोकारो जिल अध्यक्ष जयलाल महतो, बोकारो जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री निर्मल महतो, विक्की शर्मा, रणविजय सिंह, दिलीप तुरी, सुरेन्द्र साहु, सुरेश कुमार महतो, दीपक कुमार, कमलेश कुमार, शिक्षक अखिलेश सिंह, प्रवीण कुमार, राजेश कुमार, सहित कई लोग उपस्थित थे।




