27 फरवरी को होगी मतगणना, सुरक्षा एवं पारदर्शिता पर विशेष जोर
Counting of votes will take place on February 27, with special emphasis on security and transparency.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। निर्धारित तिथि 27 फरवरी को होने वाली मतगणना के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी ने बाजार समिति स्थित ब्रज गृह (स्ट्रांग रूम) तथा मतगणना केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना हॉल की तैयारियों, कमरों की उपलब्धता, पार्किंग प्रबंधन, पेयजल, शौचालय एवं विद्युत आपूर्ति सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। परिसर में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का भी अवलोकन किया गया तथा सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंधों का जायजा लिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा विधि-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा बलों को सतर्क रहने एवं संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।



