गोड्डा
केंद्रीय पुस्तकालय एवं पब्लिक लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव के द्वारा जिला केन्द्रीय पुस्तकालय एवं पब्लिक लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण कर उनका जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय का शांतिपूर्ण रूप से संचालन, पुस्तकों की उपलब्धता, बेंच डेस्क की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुस्तकालय की सफाई जैसे बिंदुओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय में मौजूद छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए पुस्तकालय में बहाल की जाने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से उनकी प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में की जा रही तैयारी की जानकारी ली तथा आवश्यक सुझाव देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो। इसके पश्चात पुस्तकालय के समस्त परिसर का भ्रमण कर आधारभूत संरचना से संबंधित विविध जानकारी प्राप्त की। पुस्तकालय भवन के भीतर पुस्तक संग्रह सभागार, पेयजल शौचालय एवं बिजली, पठन सभागार सहित उपलब्ध सभी संसाधनों व उनका प्रयोग आदि का अवलोकन किया। उपायुक्त के द्वारा पुस्तकालय निरीक्षण के क्रम में लाइब्रेरियन को निर्देश दिए गए की पुराने समाहरणालय में चलाए जा रहे पुस्तकालय से पुस्तकों के आदान-प्रदान किया जा सकते है, ताकि पुस्तकों का सही तरीके से उपयोग हो सके और विद्यार्थियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन करने आने वाले छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित जानकारी ली तथा शिक्षण व्यवस्था में सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, लाइब्रेरियन एवं छात्र एवं छात्राएं मौजूद थे।




