डीसी मनीष कुमार ने सेवा का अधिकार सप्ताह शिविर का लिया जायजा, ऑन द स्पॉट प्रमाण पत्र का किया वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़।राज्य सरकार के निर्देशानुसार ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह (21 से 28 नवम्बर 2025) के अवसर पर आज जिले के सभी प्रखंडों तथा नगर परिषद क्षेत्र में शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इसके सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने पाकुड़ प्रखंड के जयकिष्टोपुर पंचायत में सेवा का अधिकार सप्ताह का निरीक्षण किया। उपायुक्त मनीष कुमार* ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा है कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभुकों तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से जिले भर में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहाँ लोगों को उनकी ज़रूरत के अनुरूप सेवाएँ एक ही स्थान पर, त्वरित और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। आज आयोजित शिविरों में अधिक लोग उपस्थित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक लाभ हेतु आवेदन जमा किए। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिक सत्यापन।ऑन द स्पॉट किया गया तथा कई आवेदनों का त्वरित निष्पादन भी किया गया। उपायुक्त ने जयकिष्टोपुर पंचायत (पाकुड़ प्रखंड) स्थित शिविर का निरीक्षण करते हुए लोगों को प्रोत्साहित किया कि 28 नवम्बर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपने अधिकारों एवं योजनाओं का लाभ लें।उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वार तक पहुँच रही है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति अपने निकटतम पंचायत में जाकर योजनाओं की जानकारी लें, पात्रता की जाँच कराएँ और आवश्यक दस्तावेज़ बनवाएं। उपायुक्त मनीष कुमार ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा सेवा-प्रवाह, आवेदन निष्पादन, लाभुकों की सुविधा एवं व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा त्वरित निवारण की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।



