गोड्डा
महिला महाविद्यालय, गोड्डा में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग लीग में 157 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : महिला महाविद्यालय, गोड्डा में 27 नवम्बर 2025 को आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग लीग में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 157 खिलाड़ियों ने शानदार प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रण कुमार महतो द्वारा किया गया। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री वशिष्ठ नारायण (एस.एस.जे. डिग्री कॉलेज, बड़िऔ) ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए खेलों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास के महत्व को रेखांकित किया। पूरा आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमन लता के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजन समिति में डॉ. सुधि वत्सा, डॉ. नूतन झा, श्रीमती बिवा सिंह, डॉ. रेखा कुमारी, डॉ. संजू सिंह, डॉ. बिभा रॉय, श्रीमती स्वेता दुबे और डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाए रखा।प्रतियोगिता के साथ-साथ सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक महाविद्यालय की सभी छात्राओं और शिक्षण स्टाफ के लिए आत्मरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। इस संगोष्ठी का संचालन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक प्रवीण कुमार और राज सांचू राजवार ने किया। आत्मरक्षा तकनीकों, जागरूकता और मानसिक दृढ़ता पर आधारित यह प्रशिक्षण छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ।संपूर्ण प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी संचालन और निष्पक्ष निर्णायक प्रणाली सुनिश्चित करने में रेफ़री आयोग के सदस्य करण कुमार कश्यप, आशीष कुमार चौहान, दीपक सिंह और शैलेश कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिनभर चले विभिन्न आयु समूहों और भार वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन किया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।पूरा कार्यक्रम प्रवीण कुमार और राज सांचू राजवार, पूर्वी क्षेत्र समन्वयक, वाको इंडिया किकबॉक्सिंग महासंघ के तकनीकी निर्देशन में सम्पन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन गोड्डा और आसपास के क्षेत्रों में किकबॉक्सिंग तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण को नई दिशा देंगे और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी में मजबूती प्रदान करेंगे।



