इंडियन एक्सप्लोसिव्स श्रमिक यूनियन, गोमिया ने चार लेबर कोड की प्रति जलाया।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। इंडियन एक्सप्लोसिव श्रमिक यूनियन, गोमिया के आईईएल अवस्थित कार्यालय में यूनियन के उपलब्ध पदाधिकारीयों की बैठक यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप कुमार विश्वास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में एक स्वर से भारत सरकार द्वारा लागू की गई चार लेबर कोड का विरोध किया गया। बैठक में उपस्थित यूनियन के महामंत्री रामचंद्र ठाकुर ने कहा यह चार लेबर कोड जिसे भारत सरकार ने कोरोना काल में मजदूरों के अधिकारों को कुचलने के लिए बनाया था। मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए बने श्रम कानून को बदलकर मजदूरों के खिलाफ बनाए गए चार लेबर कोड को मजदूरों के भारी विरोध की वजह से पांच साल तक लागू करने की हिम्मत भारत सरकार व श्रम मंत्रालय को नहीं हुई। बिहार में एनडीए की हुई बंपर जीत के बाद भारत की मोदी सरकार ने पिछले 21 नवंबर को चार लेबर कोड लागू कर दिया है।
इस लेबर कोड के लागू हो जाने के बाद मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए ना तो लड़ पाएंगे, ना तो आवाज उठा पाएंगे, और ना ही संघर्ष के लिए किसी यूनियन के प्लेटफार्म पर खड़ा हो पाएंगे। उन्होंने कहा सीटू के नेतृत्व में पूरे देश में चार लेबर कोड का विरोध हो रहा है।संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने भी इस लेबर कोड के खिलाफ संघर्ष का आह्वान किया है। हम लोग इंडियन एक्सप्लोसिव श्रमिक यूनियन, गोमिया के बैनर तले आज यूनियन कार्यालय के समीप चार लेबर कोड की प्रतिया जलाने जा रहे हैं। भविष्य में हम लोग चार लेबर कोड को वापस लेने एवं रद्द करने की मांग को लेकर एक बड़ी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में यूनियन के उपाध्यक्ष राकेश कुमार यूनियन के नेता विनोद रविदास, ब्रजेश प्रसाद, संतोष पासवान, महादेव मरांडी, सुरेश प्रजापति, राणा, अजय कुमार समेत किसान नेता श्याम सुंदर महतो, विनय महतो, लखन महतो, हरिचरण सिंह, भोला स्वर्णकार आदि उपस्थित थे।



