नेतन्याहू ने राष्ट्रपति से मांगा क्षमादान
अपने खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के मुकदमे के बीच किया अनुरोध
येरुशलम। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू ने राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से अनुरोध किया है कि वे उन पर लंबे समय से चल रहे भ्रष्टाचार के मुकदमे के दौरान उन्हें क्षमादान प्रदान करें, जिसके कारण देश में कड़वाहट फैल गई है।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने चल रहे भ्रष्टाचार मुकदमे के बीच देश के राष्ट्रपति से आधिकारिक रूप से माफी मांगी है। यह कदम इस्राइल की राजनीति में बड़ा और असाधारण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा गया कि नेतन्याहू ने राष्ट्रपति कार्यालय के कानूनी विभाग को अपना माफी का आवेदन भेज दिया है। वहीं राष्ट्रपति कार्यालय ने इस आवेदन को ‘असाधारण और दूरगामी असर वाला कदम’ बताया है।
नेतन्याहू पर क्या हैं आरोप?
बेंजमिन नेतन्याहू इस्राइल के इतिहास में पहले ऐसे मौजूदा प्रधानमंत्री हैं जिन पर भ्रष्टाचार का मुकदमा चल रहा है। उनके खिलाफ तीन बड़े मामलों में आरोप दर्ज हैं। इसमें धोखाधड़ी, भरोसे का उल्लंघन, रिश्वत लेना शामिल हैं। इन मामलों में आरोप है कि नेतन्याहू ने अमीर व्यापारियों और राजनीतिक समर्थकों से उपहार और फायदे लिए और बदले में उन्हें लाभ पहुंचाया। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में उनकी दोष सिद्धि नहीं हुई है। वह लगातार सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते रहे हैं।



