मुरादाबाद
सांड को बचाने के चक्कर में पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत; 3 घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पाकबड़ा थाने के सामने एक पिकअप वाहन ने सांड को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
बाइक पर दो युवक सवार थे जो पिकअप वाहन के नीचे दब गए
हादसे के अनुसार, पिकअप वाहन दिल्ली की ओर से मुरादाबाद की तरफ जा रहा था, तभी पाकबड़ा थाने के सामने हाईवे पर अचानक सांड आ गया। पिकअप के चालक ने बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और बराबर में चल रहे बाइक सवारों को रौंद दिया। बाइक पर दो युवक सवार थे, जो पिकअप वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर लोग आ गए और उन्होंने पुलिस को बुला लिया।
पुलिस और लोगों ने सभी घायलों को निकालकर टीएमयू अस्पताल भिजवा दिया, जहां बाइक सवार फरमान निवासी ईदगाह पाकबड़ा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य तीन का उपचार चल रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।



