मथुरा
छह दिसंबर को रहेगी कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। विवादित ढांचे की बरसी पर छह दिसंबर को जिले में कड़़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। डीआईजी शैलेष पांडेय ने पुलिस लाइन सभागार में बैठक करके कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। शहर को जोन व सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। आगरा जोन के जिलों से फोर्स को यहां तैनात किया जाएगा। पीएसी व अन्य सुरक्षा बलों की कंपनियां भी लगाई गई हैं। बृहस्पतिवार को डीआईजी, एसएसपी, सिटी सिटी ने फोर्स के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही जामा मस्जिद इलाके, गोविंद नगर, कोतवाली के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च निकाला। छह दिसंबर को जहां हिंदूवादी संगठन शौर्य दिवस के रूप में मनाते हैं। शौर्य यात्राएं निकालते हैं। वहीं मुस्लिम संगठन काला दिवस मनाते हैं। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। डीआईजी ने कहा कि किसी भी तरह की नई परंपरा की इजाजत नहीं दी जाए। एसएसपी ने बताया कि शहर को जोन और सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। थानावार ड्यूटियां आवंटित की गई हैं। धर्मस्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस लगातार पैदल गश्त कर रही है। उन्होंने बताया कि इस दिन विभिन्न आयोजनों के नाम पर किसी तरह की अशांति पैदा करने वाले लोगों को पाबंद भी किया गया है। खुफिया एजेंसियां भी इस दिन संवेदनशील इलाकों में पूरी तरह सक्रिय रहकर काम करेंगी। आरआरएफ, पीएसी सहित अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।



