ललितपुर
बजरी-मोरम के अवैध खनन को पकडऩे पहुंचे वन कर्मियों पर जानलेवा हमला
सिर पर प्रहार कर वन कर्मियों से जबरन छुड़ा ले गये ट्रैक्टर-ट्रॉली
तालबेहट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शुरू की विवेचना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। वन क्षेत्र में बजरी व मोरम के चल रहे अवैध खनन को रोकने गयी वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने लाठी-डण्डों से हमला कर दिया। इस हमले से कुछ वन कर्मी घायल भी हो गये, वहीं दूसरी ओर अवैध खनन की गयी बजरी व मोरम से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छुडा ले गये। दबंगों द्वारा किये गये जानलेवा हमले के बाद इलाके में हड़कम्प मच गया। हमले के बाद तालबेहट रेन्ज में न्यूनतम वेतन कर्मी करतार सिंह पुत्र हरदयाल सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर तालबेहट पुलिस ने 11 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
करतार सिंह ने बताया कि 7 दिसम्बर की शाम करीब 5 बजे वह सुनौरी वन ब्लाक में अपने वन कर्मियों के साथ गश्त कर रहा था। गश्त के दौरान वन क्षेत्र में एक 333 आइसर ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नम्बर का वन क्षेत्र से बजरी व मोरम भर रहा था। गश्ती टीम को देखकर उक्त लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी बजरी को खाली करके भागने लगे। वन टीम ने भाग रहे लोगों को घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन रेन्ज कार्यालय तालबेहट ला रहे थे, तभी रास्ते में ग्राम धमकना निवासी सोहन यादव पुत्र अमर सिंह, पिपरई के मजरा जामुनबाई निवासी लोकेन्द्र सिंह व गजेन्द्र पुत्रगण रूपसिंह, पिपरई निवासी छोटू व प्रमोद पुत्रगण जण्डैल सिंह, ग्राम सुनौरी के मजरा खैरों निवासी छोटू पुत्र पान सिंह, सुरेन्द्र पुत्र मुलायम सिंह यादव, कल्यान पुत्र राजाराम यादव, भज्जू उर्फ अजय पुत्र श्रीवन यादव, ग्राम सुनौरी के मजरा खदरी निवासी राजपाल पुत्र मूरत सिंह यादव, जयपाल पुत्र इमरत यादव ने एकराय होकर वन कर्मियों पर हमला बोल दिया और गालियां देते हुये जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली जबरन छुड़ाकर भाग गये। इस हमले में वन कर्मी करतार सिंह के सिर पर लाठी से मारकर घायल कर दिया और वहीं अन्य वन कर्मियों से मारपीट की गयी। तालबेहट कोतवाली पुलिस ने न्यूनतम वेतन कर्मी वन विभाग करतार सिंह की तहरीर पर उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 (2), 132, 121 (1), 115 (2), 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।


