असम के दरंग जिले में 11,753 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अनुमोदन पत्र का औपचारिक वितरण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के दरंग जिला प्रशासन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 11,753 योग्य लाभार्थियों को अनुमोदन पत्र वितरित किए। दरंग जिले की तीन विधानसभा चुनाव क्षेत्र – मंगलदई, शिपाझार और दलगांव में एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलदई विधानसभा क्षेत्र के लिए मंगलदई सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंगलदई विधानसभा क्षेत्र के विधायक बसंन्त दास और असम राज्य मछली विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुरुज्योति दास ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के दौरान मंगलदई क्षेत्र के कुल 1,487 लाभार्थियों को उनके आवास आवंटन के अनुमोदन पत्र प्रदान किए गए। अपने भाषणों में दोनों विधायकों ने डॉ. हिमन्त विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा आम जनता के कल्याण के लिए उठाए गए सशक्त कदमों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में दरंग जिला आयुक्त पराग कुमार काकती, दरंग जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी करवी सैकिया करण, दरंग जिला परिषद की अध्यक्ष शेवाली गोस्वामी कलिता, मंगलदई नगरपालिका की मेयर निर्माली देवी शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और लाभार्थी उपस्थित थे। इसी प्रकार, शिपाझार क्षेत्र के लिए शिपाझार क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिपाझार विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. परमानंद राजवंशी ने हिस्सा लिया। शिपाझार क्षेत्र के 2,592 लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत अपने आवास आवंटन अनुमोदन पत्र प्राप्त किए। इसके अलावा, दलगांव क्षेत्र के लिए दलगांव टाउन फ़ील्ड में आयोजित आवास आवंटन अनुमोदन पत्र वितरण कार्यक्रम में विधायक मजीबुर रहमान और खरूपेटिया नगरपालिका के मेयर कृष्णा सहाई मुख्य अतिथि थे। दलगांव क्षेत्र के कुल 7,674 लाभार्थियों को अनुमोदन पत्र वितरित किए गए। बता दें कि मंगलवार को बको में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम का प्रत्यक्ष प्रसारण दंरग जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में किया गया।



