गोड्डा
कारगिल चौक पर गोड्डा पुलिस का बड़ा ट्रैफिक जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा को लेकर दी गई अहम सीख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : सड़क सुरक्षा को लेकर आम जनता में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे कारगिल चौक पर गोड्डा पुलिस की ओर से विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, आम नागरिक तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।अभियान की अगुवाई एसडीपीओ सदर अशोक प्रियदर्शी तथा ट्रैफिक डीएसपी कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से की। वहीं सतीनगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने माइक के जरिए लोगों को मूलभूत ट्रैफिक नियमों, सुरक्षा सावधानियों और जिम्मेदार सड़क व्यवहार की जानकारी दी। हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, नाबालिग ड्राइविंग के खतरे, गलत दिशा में वाहन चलाने के जोखिम तथा शराब पीकर वाहन चलाने की गंभीरता पर विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। नियमों का पालन करके न केवल दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है, बल्कि दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अभियान की सराहना की और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा प्रयासों के प्रति सहयोग का आश्वासन दिया।




