बोकारो

नगर सेवा भवन पर प्रदर्शन 22 को

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। बोकारो इस्पात प्रबंधन के संपदा न्यायालय के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ झुग्गी-झोंपड़ी वासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक बुधवार को स्थानीय सिटी सेंटर सेक्टर चार में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 22 दिसंबर को बोकारो इस्पात नगर सेवा भवन के समक्ष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक ने की।
बैठक में प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। इसके तहत बोकारो इस्पात नगर के सभी झुग्गी काॅलोनी निवासियों और फुटपाथ दुकानदारों के साथ बैठक कर संगठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मौजूद महासंघ के संरक्षक कुमार राकेश ने कहा कि सेल प्रबंधन के संपदा न्यायालय द्वारा हवाई अड्डा और सिटी सेंटर सेक्टर चार सहित पूरे बोकारो में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत लगभग 250 दुकानों और झुग्गियों को तोड़ दिया गया है। इससे रोजगार विहीन हुए दुकानदार और गरीब झुग्गीवासी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिन मीट दुकानदारों की दुकानें तोड़ी गयी हैं या जिन्होंने स्वयं ही व्यवसाय बंद कर दिया है, उन्हें पुनर्वासित करना जिला प्रशासन और सेल प्रबंधन की नैतिक जिम्मेवारी है।
उन्होंने आंदोलन को बाहरी-भीतरी का रंग देने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। कहा कि जब दुकानें और झोंपड़ियां टूटेंगी तो सेक्टर नौ, आठ और ग्यारह में विस्थापित भी प्रभावित होंगे। इसीलिए सबको साथ मिलकर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना होगा।
बैठक में महासंघ के सचिव राजकुमार पासवान ने कहा कि विभिन्न कानूनों के तहत उजाड़े गये प्रभावितों का पुनर्वास होना चाहिए। देश के या सेल के अन्य शहरों की तरह सभी झुग्गीवासियों और फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित रूप सें बसाने और मूलभूत सुविधाएं देने का काम होना चाहिए।
बैठक में महासंघ के सह सचिव आजाद कुमार, कोषाध्यक्ष शंभु पासवान, उपाध्यक्ष गोविंद जायसवाल, अशोक कुमार, बिनोद सत्यार्थी, छोटेलाल, रामजी प्रसाद, सुमन सिंह मिट्ठू, अंसित सिंह, राजू, सुधीर कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button