गाजियाबाद
लोनी में विधायक की सख्ती, भूमाफियाओं पर शुरू हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ आज बड़ी कार्यवाही देखने को मिली। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जनता दरबार में पहुंचे पीड़ितों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खुद मौके पर जाकर भूमाफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू किया।
जनता दरबार में बिहार के मुज़फ्फरपुर की एक महिला और लाहौर मूल के एक बुजुर्ग ने बताया कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने उनसे 50–50 गज के प्लॉट दिलाने के नाम पर एक-एक लाख और सात लाख रुपये तक ले लिए, मगर न तो प्लॉट दिया और न ही किसी तरह की रजिस्ट्री उनके नाम की गई।
शिकायत मिलते ही विधायक गुर्जर पाभी क्षेत्र पहुंचे, जहां ‘गौर सिटी’ नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके बाद वे राम पार्क की डिफेंस कॉलोनी पहुंचे, जहाँ दूसरे पीड़ित के साथ ठगी हुई थी। लेकिन विधायक की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आरोपित भूमाफिया मौके से भाग निकले।
विधायक गुर्जर ने कहा कि ऐसी घटनाएँ विकास प्राधिकरण और बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती हैं। बिना रजिस्ट्री की पुष्टि किए प्लॉटों पर मीटर जारी करना और अवैध कॉलोनियों पर कोई कड़ी कार्रवाई न होना गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द स्थितियों को सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे और भी कठोर एक्शन लेने के लिए मजबूर होंगे।




