तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर से टकराई, दो की मौत
High speed bike collides with tractor, two killed

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले के सिमलोंग ओपी क्षेत्र अंतर्गत घरमपुर–सिमलोंग मुख्य सड़क पर कुटलो के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमलोंग ओपी क्षेत्र के दरादर गांव निवासी लखिन्दर लोहार (28 वर्ष) एवं साइमन लोहार (50 वर्ष) चटकम से मजदूरी कर मोटरसाइकिल से अपने गांव दरादर लौट रहे थे। इसी दौरान कुटलो के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर के पीछे उनकी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिमलोंग ओपी प्रभारी अरविंद कुमार राय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश बेसरा ने बताया कि दोनों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। ओपी प्रभारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने घटना में शामिल मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।



