गाजियाबाद
एसीपी सिद्धार्थ गौतम के सघन चेकिंग अभियान का लोनी में दिखा असर
संदिग्धों पर कसा पुलिस का शिकंजा
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) लोनी सिद्धार्थ गौतम द्वारा बुधवार रात चलाए गए सघन चेकिंग अभियान का असर अब क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा है। एसीपी ने सर्किल क्षेत्र के थाना ट्रोनिका सिटी और कोतवाली लोनी क्षेत्र में पुलिस बल के साथ गहन चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम के साथ इलाके में पैदल गश्त भी की।
अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाना था। चेकिंग के दौरान एसीपी के साथ एसओ लोनी मुकेश सोलंकी और ट्रोनिका सिटी के प्रभारी मनोज कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने मिलकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ की।
एसीपी की इस कार्रवाई का असर अगले ही दिन से देखने को मिलने लगा। एक ओर जहां पुलिसकर्मी अपने वरिष्ठ अधिकारी की कार्यशैली से प्रेरित होकर अधिक सक्रिय और जिम्मेदार नजर आए, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर संदिग्ध रूप से घूमने वाले मनचले युवकों और अन्य लोगों की गतिविधियों पर भी अंकुश लगता दिखाई दिया।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रखे जाएंगे, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।