गाजियाबाद

लोनी–गाजियाबाद की जहरीली हवा पर भाकियू (अनाज) का बड़ा एलान

चार दिन में कार्रवाई नहीं तो सड़कों पर उतरेगा संगठन, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद। क्षेत्र में लगातार बढ़ते प्रदूषण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अनाज) ने निर्णायक संघर्ष की चेतावनी दी है। संगठन का कहना है कि लोनी–गाजियाबाद की जहरीली हवा और अनियंत्रित औद्योगिक गतिविधियों के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूक दर्शक बने हुए हैं।
भारतीय किसान यूनियन (अनाज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदूषण विभाग, तहसील और बिजली विभाग के कुछ अधिकारी कथित रूप से रिश्वत लेकर पहले से बंद कराई गई प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को दोबारा खुलवा रहे हैं और उन्हें बिजली कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। आर्य नगर, नाईपुरा, ट्रोनिका सिटी, कृष्णा विहार समेत कई इलाकों में एनजीटी के स्पष्ट निर्देशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
संगठन ने बताया कि बेहटा नहर से सहारनपुर रोड और भोपुरा रोड तक खुले में बिल्डिंग मैटेरियल (रेत, बजरी, पावी आदि) की बिक्री हो रही है, जिससे धूल प्रदूषण चरम पर पहुंच गया है। इसके बावजूद नगर पालिका, तहसील और प्रदूषण विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने कहा, “लोनी–गाजियाबाद में प्रदूषण भयावह स्थिति में पहुंच चुका है। लोग सांस लेने को मजबूर हैं, बच्चे और बुजुर्ग गंभीर बीमारियों की चपेट में हैं। एनजीटी के आदेशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है और अवैध फैक्ट्रियों व खुले प्रदूषण को संरक्षण दिया जा रहा है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई और नगर पालिका व तहसील ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो भारतीय किसान यूनियन (अनाज) लोनी व गाजियाबाद के लाखों नागरिकों के साथ सड़कों पर उतरेगी। इस दौरान पर्यावरण मंत्री का पुतला दहन, प्रदूषण विभाग और लोनी तहसील का घेराव किया जाएगा।
संगठन ने प्रशासन से एनजीटी के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने, अवैध फैक्ट्रियों को सील करने तथा खुले में बिक रहे निर्माण सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button