मथुरा
चुटिया व बालर गैंग के तीन शातिर मुठभेड़ में गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। कैलाश नगर में पीपल वाले अखाड़ा के पहलवानों के साथ मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में चुटिया व बालर गैंग के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन तमंचे समेत एक कार बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मंगलवार शाम को पीपल वाले अखाड़ा के पहलवानों ने कैलाश नगर अमरनाथ स्कूल के निकट निवासी अभिषेक की पिटाई की थी। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने पटलवार करने की साजिश रची। अभिषेक ने अपने दोस्त कोतवाली के जन्मभूमि लिंक रोड निवासी राहुल और जैंत के नगला घिसा निवासी विजय को अखाड़े के पास बुला लिया। भनक लगने पर पुलिस ने तीनों को वहीं पर घेर लिया। खुद को घिरता देख तीनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करके तीनों को पकड़ लिया, लेकिन गोली किसी के नहीं लगी। कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि अभिषेक, राहुल और विजय तीनों शातिर आरोपी हैं। इन पर विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरानथानेदार विनोद बाबू मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



