खैरथल
नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड प्रकरण: एक और आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। बहुचर्चित मातौर स्थित नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी नरेश उर्फ नरेन्द्र निवासी झरियाणा को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के अनुसार आरोपी संगठित अपराध एवं बड्स एक्ट के तहत वांछित था।
प्रकरण में थाना खैरथल में दर्ज एफआईआर संख्या 313/2025 (दिनांक 29 सितंबर 2025) के तहत आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र व साइबर सेल की तकनीकी सहायता से निगरानी रखते हुए किशनगढ़बास क्षेत्र में उसे दबोचा। गिरफ्तारी अलवर–भिवाड़ी बाइपास के पास की गई।
एसपी ने बताया कि नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड (मातौर) के संचालन से जुड़े दाताराम, नरेश चौधरी, सतपाल, पूर्ण, उमराव, जयपाल सहित अन्य पर निवेशकों से धन गबन का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ जारी है तथा शेष आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


