गाजियाबाद

नगर निगम की अनदेखी से पार्क बदहाल, बुजुर्ग और बच्चे परेशान

वार्ड नंबर 65 विवेकानन्द नगर के पार्क में न बैठने की व्यवस्था, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्यवाही 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ग़ाज़ियाबाद। थाना कविनगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 65, विवेकानन्द नगर में स्थित पार्क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। मकान संख्या 817 से 917 के बीच बने इस पार्क में बैठने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज करा चुके हैं। नवंबर 2025 में दोबारा शिकायत किए जाने के बाद भी नगर निगम अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए “गाजियाबाद 311” मोबाइल ऐप पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसका कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में बुजुर्ग और बच्चे पार्क में बैठकर धूप का लाभ लेना चाहते हैं, लेकिन वहां केवल गीली घास और नम जमीन ही उपलब्ध है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इसी वार्ड के अन्य पार्कों में अच्छी सुविधाएं मौजूद हैं, जबकि इस पार्क की लगातार अनदेखी की जा रही है। पार्क में लगे पेड़ों की कटाई भी अधूरी की गई है, जिससे धूप आने में बाधा बनी हुई है।
इस संबंध में कविनगर जोन के अधिकारियों को मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया, लेकिन बार-बार संपर्क करने के बावजूद पेड़ कटाई के लिए वाहन नहीं भेजा गया। ठंड का मौसम सीमित समय का होता है, ऐसे में समय रहते समस्या का समाधान न होना लोगों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।
अब स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान देंगे और पार्क में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर आम जनता को राहत देंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button