चार लेबर कोड के खिलाफ सीटू का सहायक श्रमिक कार्यालय में प्रदर्शन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो: सेंटर ऑफ़ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) की बोकारो जिला कमेटी के नेतृत्व में सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, बोकारो थर्मल में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पूर्व एक सभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भागीरथ शर्मा एवं संचालन सीटू के बोकारो जिला संयुक्त महासचिव विजय कुमार भोई ने किया। सभा को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य उपाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने कहा सीटू के नेतृत्व में 16-23 दिसंबर तक पूरे भारत में मोदी सरकार के द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड के खिलाफ एक जन अभियान चल रहा है। आज का यह प्रदर्शन इस अखिल भारतीय अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा पिछले दिनों देश के मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए श्रम कानून बना हुआ था जिसे बदलकर भारत की मोदी सरकार लेबर कोड ला रही है जो मजदूरों के हित में नहीं है। लेबर कोड को रद्द करने की मांग को लेकर सीटू का यह देशव्यापी अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा अगर भारत की मोदी सरकार लेबर कोड को वापस नहीं लेती है तब फरवरी महीने में चार लेबर कोड के खिलाफ अखिल भारतीय हड़ताल देश के मजदूर करेंग। सीटू के राज्य सचिव जयनारायण महतो ने कहा श्रम कानून को बनाने के लिए मजदूर और मजदूर नेताओं ने बलिदान दिया है संघर्ष किया है तब देश में मजदूरों की रक्षा के लिए श्रम कानून बनाया गया था, जिसे आज की मोदी सरकार बदल दे रही है। हम लोग झारखंड में इसे किसी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा केरल की तरह झारखंड में भी इसे रोक कर रखा जाना चाहिए। सीटू के जिला महासचिव प्रदीप कुमार विश्वास ने कहा बोकारो जिला एक औद्योगिक इकाई है जहां लेबर कोड के लागू होने से बोकारो जिले में मजदूरों के बीच हाहाकार मच जाएगा, सरकार नहीं मानी तब आगामी फरवरी महीने में अखिल भारतीय हड़ताल होगा। इस जिले के अंदर जिले के सभी वर्ग के मजदूर लेबर कोड के खिलाफ हड़ताल पर उतरेंगे। निर्माण व असंगठित मजदूरों के नेता राकेश कुमार ने कहा जिस समय देश में श्रम कानून बचा हुआ है उस समय मजदूरों को ना तो न्यूजम मजदूरी की गारंटी है, ना तो समय पर वेतन की गारंटी है, न हीं उन्हें मिलने वाले लाभ की गारंटी है। जब श्रम कानून नहीं रहेगा और चार लेबर कोड लागू हो जाएगा उस समय मजदूरों का क्या हाल होगा। सभा को सीटू नेता जयनथ मेहता, श्याम बिहारी सिंह दिनकर, गोवर्धन रविदास, पंकज महतो, मनोज पासवान, शंकर प्रजापति, निजाम अंसारी, अख्तर खान, गणेशा राम, समेत कई लोगों ने संबोधित किया।



