पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री योगी से की शिष्टाचार की भेंट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। अमेठी की पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता गरिमा सिंह ने अपने पुत्र अनंत विक्रम सिंह और बहू शाम्भवी सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अमेठी के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए युग की शुरुआत की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमेठी भी अब भाजपा की नीतियों और विकास मॉडल के साथ मजबूती से जुड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रतिनिधिमंडल ने अमेठी जिले में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और अमेठी इन योजनाओं का एक प्रभावी उदाहरण बन सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेठी के विकास के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अमेठी को भी प्रदेश के अग्रणी विकासशील जनपदों की श्रेणी में लाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी और किसी भी क्षेत्र के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

