ललितपुर
नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला ठग गिरफ्तार
पीडि़त ने लगाया था आत्महत्या की धमकी देकर ब्लैकमेल व वसूली का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मेडीकल कॉलेज में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये लेकर तीन लाख रुपये और वसूलने के लिए कनपटी पर तमंचा सटाने और आत्महत्या करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुये अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया था। प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। एफआईआर दर्ज होने के महज चौबीस घण्टे के अंदर ही कोतवाली पुलिस ने शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
एडीजी कानपुर जोन, डीआईजी झांसी व एसपी ललितपुर मो.मुश्ताक के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह, सीओ सिटी अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने थाने में दर्ज एफआईआर सं. 1478/2025 की धारा 316(2), 352, 351(3), 126(2), 308(5), 226 बीएनएस में नामजद थाना जखौरा के ग्राम करमुहारा व हाल मोहल्ला पिसनारी निवासी सत्यभान उर्फ गोलू यादव पुत्र रणवीर सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गये गोलू यादव उर्फ सत्यभान ने पूछने पर बताया कि उसकी जान पहचान कई विभागों के अधिकारियों के साथ थी, जिसका मैं अन्य लोगों में अपनी जान पहचान का प्रचार-प्रसार करके अवैध रुप से फायदा उठाता था। किसी विभाग में नौकरी लगवाने या किसी प्रकरण के अभियुक्त को गैरकानूनी तरीके से मदद कराने के लिए उनसे सम्बंधित डेटा को विभिन्न माध्यमों जैसे पंचायत ऐप, यू.पी. कॉप ऐप आदि से प्राप्त कर, सम्बंधित व्यक्तियों से सम्पर्क कर उनका काम कराने के नाम पर उन लोगों से पैसे की वसूली करता था। उसके द्वारा स्वास्थ्य विभाग में भूपेन्द्र तिवारी की नौकरी लगवाने के नाम पर अपने साथियों के साथ मिलकर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। भूपेन्द्र तिवारी से उसने कुल 7.5 लाख रूपये नौकरी लगवाने के नाम पर लिए थे। इसी प्रकार उसने अन्य कई लोगों से नौकरी लगवाने, साइबर से सम्बंधित या अन्य किसी मुकदमें में बचाने व अन्य कोई अवैधानिक काम कराने के नाम पर रुपये की वसूली की है। साहब जब कोई व्यक्ति बार-बार अपने पैसे की मांग करता था तो मैं उसको वाट्सऐप पर मैसेज भेजता था कि वह तुम्हारा नाम लिखकर आत्महत्या कर लूंगा, ताकि लोग डर जाएं और पैसा न मांगे। किसी व्यक्ति के पैसे वापस न करने, गैर कानूनी कार्य करने के कारण किसी पुलिस कार्यवाही से बचने के लिए आत्महत्या करने की धमकी कई अन्य लोगों को देता रहता हूं ताकि मेरे खिलाफ कोई भी कार्यवाही न कर सके और इस तरह से मैं लोगों को ब्लैक मेल करता हूं। इस तरीके से मैने कई लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हुए लाखों रूपये कमाये हैं, अवैध रुप से कमाए गए इन रुपयों को मैंने अपने ऐशो-आराम पर खर्च किया है।
यह था पूरा घटनाक्रम
पुलिस को तहरीर देकर मोहल्ला आजादपुरा निवासी भूपेन्द्र तिवारी पुत्र स्व.कैलाशनाथ तिवारी ने बताया कि सत्यभान उर्फ गोलू द्वारा वादी से नौकरी लगवाने के नाम पर 07 लाख 50 हजार रूपये ले लेना व शेष रूपयों की मांग करने को लेकर गाली गलौज कर झूठें मुकदमें में फंसाने की धमकी देना व रास्ते में रोककर 03 लाख रूपये की मांग करते हुये जान से मारने की धमकी देना व डरा धमकाकर 20 हजार रूपये ले लेने तथा वापस पैसा मांगने पर सुसाइड करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस टीम में यह थे शामिल
बदमाश को पकडऩे वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उ.नि.अरुण कुमार सिंह शामिल रहे।