गाजियाबाद

सभापुर में कार वॉशिंग सेंटर पर युवक पर फायरिंग, आरोपी फरार 

पीड़ित ने एक नामजद सहित कई पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/ट्रोनिका सिटी :  सभापुर के शिवा वॉशिंग सेंटर पर कार धुलवाने पहुँचे एक युवक पर रविवार दोपहर रंजिशन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में पीड़ित मुकेश बंसल पुत्र सुरेश बंसल, निवासी अगरोला थाना ट्रोनिका सिटी, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने थाना अंकुर बिहार में तहरीर देकर एक नामजद तथा अन्य दो आरोपियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 25 दिसंबर की दोपहर वह दिल्ली से लौटते समय करीब 3:30 बजे सभापुर स्थित शिवा वॉशिंग सेंटर पर कार धुलवाने रुका था। उसी दौरान छह हमलावर वहाँ पहुँचे और बिना कुछ कहे उस पर गोलियाँ बरसा दीं। शिकायत में मुकेश ने गोली चलाने वालों में दीपक, मदन के छोटे भाई राजे उर्फ मुन्ना पुत्र भीम, निवासी अगरोला थाना ट्रोनिका सिटी को नामजद किया है, जबकि एक अन्य आरोपी को चेहरा देखने पर पहचानने की बात कही है। तीसरे हमलावर के बारे में वह जानकारी नहीं जुटा सका। उसके अनुसार, तीन अन्य लोग गाड़ी में बैठे हुए थे।
मुकेश ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपियों ने पहले भी उसके दो चाचाओं की हत्या की थी और अब उसकी तथा उसके परिजनों की हत्या की साजिश रच रहे हैं। फायरिंग के दौरान उसके दोनों हाथों और पैर में गोली लगी। बताया गया कि आरोपियों ने उसके सिर पर पिस्तौल सटाकर गोली चलाने की कोशिश भी की, लेकिन पिस्तौल नहीं चल पाई। इसके बाद पिस्तौल की बट से वार करने पर वह किसी तरह हमलावरों के कब्जे से छूटकर वॉशिंग रूम के कमरे के अंदर घुस गया और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित थाना लोनी पहुँचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button