मथुरा

चुनावी रंजिश में नगला नेता में ताबड़तोड़ फायरिंग

एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जैंत के गांव नगला नेता में चुनावी रंजिश में प्रधान पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। गोलीबारी से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गांव नगला नेता में वर्तमान प्रधान योगेश सिंह और उदयवीर सिंह के घर आमने-सामने हैं। उदयवीर सिंह के परिजन ने बताया कि पिछले प्रधानी के चुनाव में उन्होंने प्रधान के विपक्ष में खड़े उम्मीदवार का समर्थन किया था। तभी से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही है। अब फिर से पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। शुक्रवार की शाम को प्रधान पक्ष के लोगों ने उदयवीर के बेटे राधाकिशन को राल चौराहे पर घेरकर पीटा था। वह किसी तरह जान बचाकर भाग आया था। इस मामले में पीड़ि़त पक्ष ने रविवार को थाना जैंत में प्रधान पक्ष के विरुद्ध तहरीर दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई। आरोप है कि पुलिस में शिकायत के बाद रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे प्रधान पक्ष के लोगों ने उदयवीर के घर पर हमला बोल दिया। लाठी, डंडों से पिटाई करने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में घर पर खड़े राधाकिशन (20) के सिर में गोली लग गई, जबकि उनके भाई अनिल (23) के हाथ में गोली लगी। गोलियां चलने पर गांव में अफरा तफरी मच गई। दोनों भाइयों के लहूलुहान होकर जमीन पर गिरने के बाद हमलावर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर एसपी राजीव कुमार सिंह कई थानों के फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ ही देर बाद राधाकिशन ने दम तोड़ दिया। घटना से गांव में तनाव के हालात हैं। पुलिस ने प्रधान पक्ष के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। उधर, घटना के संबंध में ग्राम प्रधान योगेश, उसके भाई नरेश व भतीजों अमित, दिनेश सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चुनावी रंजिश में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस बल तैनात किया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button