बेतुल
बैतूल घोड़ाडोंगरी विधायक से मिले अंशकालिक श्रमिक
वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण की उठाई आवाज

स्थाईकरण और बकाया मानदेय भुगतान की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारतीय मजदूर संघ से संबंधित अंशकालिक श्रमिक मजदूर संघ जिला इकाई बैतूल द्वारा जनजातीय कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग में कार्यरत अंशकालीन कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर घोड़ाडोंगरी विधानसभा की विधायक सम्मानिया गंगाबाई उईके को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने अंशकालिक श्रमिकों को स्थाईकर्मी का दर्जा दिए जाने, नियमित प्रतिमाह पारिश्रमिक भुगतान सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से रखा।
संघ ने अवगत कराया कि जनजातीय कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग में भृत्य, लिपिक, चौकीदार, रसोईया, सफाई कर्मी और जलवाहक जैसे पदों पर अंशकालीन कर्मचारी विगत कई वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें पर्याप्त मानदेय नहीं मिल पा रहा है जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई में गंभीर परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं। कर्मचारियों ने बताया कि वे कार्यालय प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि अंशकालीन कर्मचारियों को स्थाईकर्मी अथवा दैनिक वेतनभोगी या कलेक्टर दर पर मानदेय दिया जाए, साथ ही शासकीय कर्मचारियों की तरह अवकाश सुविधा एवं महिला कर्मचारियों को प्रसूति अवकाश का लाभ प्रदान किया जाए। इस अवसर पर अंशकालिक श्रमिक मजदूर संघ शाहपुर के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मराज झरबडे, मनीराम धुर्वे, जमुना दास वर्मा सहित बड़ी संख्या में अंशकालिक श्रमिक उपस्थित रहे।



