मेरठ

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। थाना किठौर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी एयरप्लेन टिकट और फर्जी वीजा भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मेरठ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी किठौर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किठौर के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रहीस पुत्र लईक, निवासी ग्राम पिपलाना थाना भौजपुर जिला मुरादाबाद है, जिसे ग्राम राधना से गिरफ्तार किया गया। आरोपी अपने अन्य साथियों वरीस, वसीम, मुजम्मिल और लईक के साथ मिलकर लोगों को थाईलैंड भेजने का झांसा देता था। इस दौरान पीड़ितों से मोटी रकम वसूल कर उन्हें फर्जी हवाई टिकट और फर्जी वीजा थमा दिए जाते थे।
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने शाहआलम, शादाब, यूसुफ, फहीम, कोकब, सचिन कुमार, अमीर आजम, सुहैल, साबिर, नावेद और सलाउद्दीन सहित कुल कई लोगों से लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। पीड़ित शाहआलम पुत्र नफीस अहमद निवासी ग्राम बोन्द्रा, थाना किठौर की तहरीर पर दिनांक 02 जनवरी 2026 को थाना किठौर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त रहीस को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना किठौर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक शिवम कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप सिंह और कांस्टेबल लाखन सिंह शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button