
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एसओजी और पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें एक लाख का इनामी बदमाश इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान ढेर हो गया। मुठभेड़ नैनीताल हाईवे स्थित बिलवा पुल के पास हुई। मुठभेड़ में एक सिपाही को गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का साथी फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक मूलरूप से कासगंज जिले का रहने वाला इफ्तेखार उर्फ शैतान ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में साल 2024 में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से इफ्तेखार की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार तड़के पुलिस और एसओजी की टीम ने बिलवा पुल के पास बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश इफ्तेखार को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसओजी का सिपाही राहुल घायल हुआ है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में साल 2024 में डकैती की घटना हुई थी। जिसमें बदमाश इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके बारे में पुलिस टीम को सूचना मिली थी। थाना पुलिस और एसओजी की टीमें बदमाश का पीछा कर रही थीं। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश को गोली लगी है। उसे सीएचसी भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां मृत घोषित कर दिया गया।


