
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। बयाना सदर थाना क्षेत्र के गांव खरैरी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आने से बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, खरैरी गांव निवासी राजेश जाटव अपने खेत में परिवार के साथ ट्रैक्टर से जुड़ी थ्रेसर मशीन द्वारा गेहूं की फसल निकलवा रहे थे। इसी दौरान उनका भतीजा अंशु (12), पुत्र सुनील, खेत पर परिजनों को खाना देने पहुंचा था। बताया गया कि अंशु ट्रैक्टर के पास खड़ा था, तभी अचानक ट्रैक्टर में बैक गियर लग गया और वाहन पीछे की ओर बढ़ गया। इससे अंशु ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई शैलेंद्र कुमार ने जाब्ते के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बयाना उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना के एएसआई केदार सिंह ने बताया कि मृतक के ताऊ राजेश जाटव की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, हादसे के समय अंशु के पिता गुजरात में मजदूरी के लिए गए हुए थे, जबकि उसकी मां अपने मायके में थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



