ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन कार्यक्रम के तहत पाकुड़ में जागरूकता रैली आयोजित
Awareness rally organised in Pakur under Drug Awareness and Wellness Navigation Programme
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडे की अध्यक्षता में ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया कार्यक्रम के अन्तर्गत सोमवार को पाकुड़ में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश ने की। यह रैली पाकुड़ न्यायालय के मुख्य द्वार से प्रारम्भ होकर अंबेडकर चौक तक निकाली गई। रैली का उद्देश्य समाज को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं सहित आम नागरिकों को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों से नशीले पदार्थों के सेवन से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। रैली के माध्यम से निषेधात्मक ड्रग्स के सेवन और लत के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया गया। इसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन ने जनहित में एक सकारात्मक पहल के रूप में प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिससे समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने ड्रग फ्री इंडिया के संकल्प को दोहराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



