अमरोहा
आंगनवाड़ी कार्यकर्ती सविता देवी नाली में फिसलने से गंभीर रूप से घायल, निजी अस्पताल में भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : आदमपुर क्षेत्र के गांव सांथलपुर अधेक में बुधवार को एक हादसे में आंगनवाड़ी कार्यकर्ती सविता देवी पत्नी प्रेमशंकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि सविता देवी रोज़ाना की तरह गांव में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर राशन वितरण के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में खुली नाली के पास उनका पैर फिसल गया, जिससे वह असंतुलित होकर नाली में गिर पड़ीं।
हादसे में सविता देवी को सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें नाली से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल “अस्सलाम” में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर नालियां खुली पड़ी हैं, जिन पर न तो ढक्कन लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था है। आए दिन इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की खुली नालियों को जल्द से जल्द ढकवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों और अन्य कर्मचारियों ने सविता देवी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



