बेतुल

बैतूल मंडल और सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक में आगामी रणनीति पर हुआ मंथन

जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई अहम बैठक, एसआईआर से बूथ कमेटी तक बनी रणनीति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। कांग्रेस कार्यालय गंज में गुरुवार 8 जनवरी को जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें नवनियुक्त ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू चौबे ने मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, सेक्टर अध्यक्षों और सेक्टर प्रभारियों की अहम बैठक ली।
बैठक में आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर विशेष फोकस किया गया। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मनरेगा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए मजदूरों को समय पर रोजगार और भुगतान दिलाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।
बैठक में किसानों की समस्याओं पर भी गंभीर मंथन हुआ। फसल नुकसान, मुआवजा, खाद और बीज की उपलब्धता तथा बढ़ती लागत को लेकर किसानों के पक्ष में आवाज बुलंद करने और जरूरत पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की रणनीति बनाई गई। बूथ कमेटियों को मजबूत करने, प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ता तय करने और संगठन की नियमित समीक्षा करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू चौबे, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पा पेन्द्राम, किसान कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश गोचरे, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय सरदार यादव, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे, युवक कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष लवलेश बब्बा राठौर सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सेक्टर अध्यक्ष और सेक्टर प्रभारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत कर जनसमस्याओं के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button