ललितपुर
महिलाएं करतीं रहीं शिकायत, उधर जेसीबी से मकान कर दिया ध्वस्त
पीडि़ताओं की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मकान की मरम्मत कराते समय दूसरे मोहल्ले के आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने एकराय होकर काम बंद करा दिया और जान से मारने की धमकी दी। प्रकरण में महिलाओं की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। शहर क्षेत्रांतर्गत मोहल्ला आजादपुरा निवासी मुन्नू राजा पत्नी स्व.अजीत सिंह व छत्रसालपुरा निवासी संगीता नायक पत्नी मनीष नायक ने संयुक्त रूप से पुलिस को दी तहरीर में बताया कि राजघाट रोड स्थित मन्नू पेट्रोल पम्प के सामने आरामशीन के बगल में उनका एक मकान स्थित है। 26 दिसम्बर को वह मकान की मरम्मत करा रहे थे। तभी घुसयाना निवासी पूरन सिंह पुत्र लक्ष्मन सिंह, सौरभ सिंह पुत्र पूरन सिंह, गजेन्द्र सिंह पुत्र शंकर सिंह, भूपेन्द्र सिंह पुत्र शंकर सिंह, रामसिंह पुत्र जगदीश सिंह, शिवानी पुत्री रामसिंह, महेन्द्र सिंह पुत्र मंगल सिंह, सुम्मेर सिंह पुत्र लक्ष्मन सिंह व इनके घर की महिलाएं एकजुट होकर आये और मौके पर विवाद करने लगे। आरोप है कि धमकी देते हुये उक्त लोगों ने काम बंद न करने पर हड्डियां तोडऩे और जान से मार डालने की धमकी दी। इस सम्बन्ध में शिकायती पत्र एसपी, कोतवाली व मण्डी चौकी पुलिस को दिया था। बताया कि 7 जनवरी को अपराह्न 2 बजे जब वह मौके पर मरम्मत कार्य देखने पहुंचे तो देखा कि उक्त लोगों द्वारा बने हुये कमरे तोड़ रहे थे। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। शाम 4 बजे फिर से डायल 112 पर कॉल किया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी, इधर फोन पर खबर मिली कि उक्त लोगों ने जेसीबी से बाउण्ड्रीबाल सहित पूर्ण निर्माण ध्वस्त कर दिया। मौके पर पहुंचने पर पूरन सिंह ने गालियां दीं। पीडि़ताओं का आरोप है कि उनके बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी उनका मकान जमींदोज कर दिया गया। पीडि़त महिलाओं की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 (2), 324 (2), 351 (3) व 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।


