कई दिनों बाद धूप निकलने से खिले चेहरे, ठंड से मिली राहत
धूप में दिन भर बैठ रहे वृद्धजन, बाजारों में रही रौनक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। पिछले एक सप्ताह बाद कड़ाके की धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिल गए। वृद्धजन दिन भर धूप में बैठकर अपने शरीर को सेंकते देखे गए। बाजारों में शाम तक रौनक बनी रही। नगर के रामलीला मैदान में लगी प्रदर्शनी में ग्राहकों की भीड़ सबसे अधिक रही।
शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे के बाद कड़ाके की धूप निकलने से लोग ठंड से राहत की सांस महसूस की। महिलाएं धूप का आनंद लेते हुए कपड़े धोने के साथ गृहस्थ कार्य भी धूप में बैठकर करती देखी गई।
नगर के बस स्टेशन पर स्थित कैंटीन के बाहर बड़ी संख्या में तहसील आए लोग धूप में बैठकर चाय की चुस्कियां लेते देखे गए। कैंटीन संचालक ने बताया कि प्रतिदिन की अपेक्षा शुक्रवार को चाय के साथ अन्य खाद्य पदार्थों में बिक्री में बढ़ोतरी हुई।
पोस्ट ऑफिस के पास स्थित वी-मार्ट में महिलाओं ने अपने बच्चों के साथ खूब खरीदारी की।
अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया है। आर्द्रता 76% रही। हवाएं 5 किलोमीटर प्रति घंटे की दर से चली।

