किराना व्यवसायी से 40 हजार की लूट, मोबाइल भी छीना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार की शाम बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक किराना व्यवसायी को चाकू की नोंक पर अगवा कर लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश व्यापारी को बाइक समेत रामनाथपुर गांव के पास ले गए और वहां करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के जरौटा गांव निवासी रिंकू ने बताया कि उनके पिता किराना व्यवसायी ढूधनाथ पुत्र राम लखन मिश्र गुरुवार की शाम घर से अपने बिक्की से अमेठी किराना का सामान लेने जा रहे थे। रास्ते में बाईपास दुर्गापुर रोड के पास वह एक चाय की दुकान पर रुके। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया तथा जबरन उनकी बिक्की पर बैठ गया। आरोपी उन्हें रामनाथपुर गांव के पास सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उनकी जेब में रखे 35 से 40 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। बेटे रिंकू ने बताया कि किसी तरह उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वह अमेठी कोतवाली
पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ पीड़ित को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और मौके की छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर ही सही जानकारी मिलेगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

