
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
इंडियन नेवी के कप्तान अंशुल गुप्ता की 94 रनों की आतिशी पारी, उदयपुर के हितेश पटेल का हरफनमौला प्रदर्शन
विदिशा: स्थानीय कनारा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित 56वीं अखिल भारतीय कनारा क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। आज के मैचों के दौरान मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री माननीय श्री प्रहलाद सिंह पटेल जी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर मैच का आनंद लिया और खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
पहला मैच: इंडियन नेवी बनाम गुजरात
दिन का पहला मुकाबला इंडियन नेवी और गुजरात के बीच खेला गया। इस मैच में अतिथि के रूप में पशु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री राम रघुवंशी और नगर पालिका विदिशा के सीएमओ श्री दुर्गेश ठाकुर,श्री राजेश जैन श्री राधेश्यम माहेश्वरी उपस्थित रहे।
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन नेवी ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंडियन नेवी के कप्तान अंशुल गुप्ता ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 50 गेंदों में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 94 रन बनाए। इसके अलावा मोहित जांगड़ा ने 38 और शमशेर ने 26 रनों का योगदान दिया। गुजरात की ओर से हर्षवर्धन, ध्रुमिन और सुभाष ने 2-2 विकेट हासिल किए।
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम इंडियन नेवी की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 129 रनों पर ही ढेर हो गई और 20 ओवरों में ऑलआउट हो गई। गुजरात की ओर से युवराज ने 40 और जय पटेल ने 19 रन बनाए। इंडियन नेवी के गेंदबाज विशाल गौर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि शमशेर और नितिन को 2-2 विकेट मिले।
इस प्रकार इंडियन नेवी ने यह मैच जीत लिया। मैच के दौरान माननीय मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार इंडियन नेवी के कप्तान अंशुल गुप्ता को उनके शानदार 94 रनों के लिए श्री राहुल बंसल द्वारा प्रदान किया गया।
दूसरा मैच: उदयपुर बनाम सागर डिवीज़न
दिन का दूसरा मुकाबला उदयपुर और सागर डिवीज़न के बीच खेला गया। इस मैच में तहसीलदार श्रीमती निधि पटेल और जनपद सीईओ विदिशा श्री गगन वाजपेयी,श्री नितिन ठकुराल श्री शैलेंद्र तोमर श्री अतीत वर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उदयपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उदयपुर की टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 183 रन बनाए। उदयपुर के हितेश पटेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में 47 रन बनाए। यशवंत दांगी ने 34 और पुष्पेंद्र ने नाबाद 26 रनों का योगदान दिया। सागर की ओर से मयूर और अविरल ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सागर डिवीज़न की टीम 19.5 ओवरों में 148 रनों पर सिमट गई। सागर की तरफ से अविरल ने 38, सुजल ने 28 और मयूर ने 21 रन बनाए। गेंदबाजी में उदयपुर के हितेश पटेल ने 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रद्युम्न और मोहित ने 2-2 विकेट लिए।
उदयपुर ने यह मुकाबला 35 रनों से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हितेश पटेल को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (47 रन और 3 विकेट) के लिए श्री अतीत वर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
रविवार (कल) के मैच:
पहला मैच: उदयपुर बनाम फरीदाबाद
दूसरा मैच: इंडियन नेवी बनाम चंडीगढ़
जारीकर्ता:
कनारा क्रिकेट क्लब, विदिशा



