बरेली
दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक रहे दिवंगत डॉ. श्याम बिहारी लाल की श्रद्धांजलि सभा में मंगलवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। फरीदपुर स्थित सत्संग भवन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आमजन के साथ-साथ प्रदेश और केंद्र स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार विशेष रूप से पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
सभी गणमान्य अतिथियों ने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। वक्ताओं ने कहा कि वे बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और हमेशा क्षेत्र के विकास तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित रहे। उनके असामयिक निधन से फरीदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद और भाजपा संगठन को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके निधन के बाद से क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम नमन किया।



