दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

ग्रैमी के मंच पर हुई ट्रोलिंग से डोनाल्ड ट्रंप खफा

होस्ट ट्रेवर नोआ को कहा लूजर; मुकदमा करने की दी चेतावनी

नई दिल्ली। सोमवार को संगीत जगत के प्रतिष्ठित ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन हुआ। इस मंच से डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा गया। होस्ट ट्रेवर नोआ ने भी उनके बारे में मजाकिया अंदाज में काफी कुछ कहा। इन बातों से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खफा हैं।
ग्रैमी अवॉर्ड के मंच पर डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रेशन नीति का खूब विरोध किया गया। साथ ही होस्ट ट्रेवर नोआ ने अमेरिकी राष्ट्रपति का मजाक भी उड़ाया। इस मंच पर हुई ट्रोलिंग से डोनाल्ड ट्रंप खफा हैं। उन्होंने ट्विटर के जरिए ग्रैमी अवॉर्ड्स के होस्ट ट्रेवर नोआ पर तंज कसा है। साथ ही उन पर मुकदमा करने की चेतावनी दी है। जानिए, ग्रैमी के मंच पर होस्ट ट्रेवर नोआ ने डोनाल्ड ट्रंप के बारे में क्या कहा और जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या जवाब दिया।
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट करते हुए ट्रेवर नोआ पर कसा तंज
इस साल के ग्रैमी अवार्ड्स को कॉमेडियन ट्रेवर नोआ होस्ट कर रहे थे। उन्होंने इस अवॉर्ड नाइट में डोनाल्ड ट्रंप का मजाक बनाया। उन पर कुछ आपत्तिजनक बातें भी कहीं। इस बात से खफा होकर डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेवर नोआ को लूजर कह दिया। डोनाल्ड ट्रंप अपने एक्स अकाउंट पर एक ट्वीट करते हुए लिखते हैं, ट्रेवर नोआ ने मेरे बारे में गलत कहा है। उसने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप और बिल क्लिंटन ने एपस्टीन आईलैंड पर वक्त बिताया। यह बिल्कुल गलत है। मैं बिल के लिए नहीं बोल सकता लेकिन मैं कभी एपस्टीन आईलैंड पर नहीं गया।
ट्रंप ने मुकदमा करने की धमकी दी
वह आगे ट्वीट में लिखते हैं, ऐसे झूठे और मानहानिकारक बयान मुझ पर फेक न्यूज मीडिया तक ने नहीं लगाए हैं। लेकिन ट्रेवर नोआ एक टोटल लूजर। बेहतर होगा कि वह अपने फैक्ट्स ठीक कर ले। ऐसा लगता है कि मैं इस टैलेंटलेस, बेवकूफ पर मुकदमा करने के लिए अपने वकीलों को भेजूंगा। उस पर कई डॉलर का मुकदमा करूंगा। तैयार हो जाओ नोआ, मैं तुम्हारे साथ थोड़ा मजा करने वाला हूं।
ट्रंप को लेकर ट्रेवर ने ग्रैमी के मंच पर क्या कहा था?
ग्रैमी अवॉर्ड के मंच पर कॉमेडियन और होस्ट ट्रेवर नोआ ने पहले सिंगर बिली एलिश को बधाई दी। उसके बाद ट्रंप पर टिप्पणी करते हुए कहा, यह रहा सॉन्ग आॅफ द ईयर। बधाई हो, बिली एलिश। यह एक ऐसा ग्रैमी है, जो हर कलाकार चाहता है। लगभग उतना ही जितना ट्रंप ग्रीनलैंड चाहते हैं। यह बात समझ में आती है क्योंकि एपस्टीन के जाने के बाद उन्हें बिल क्लिंटन के साथ घूमने के लिए एक नए आईलैंड की जरूरत है। इसी टिप्पणी पर डोनाल्ड ट्रंप खफा हो गए हैं।
क्या है एपस्टीन आईलैंड का मामला?
पिछले दिनों एपस्टीन आईलैंड से जुड़े एक मामले ने अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी थी। जेफरी एपस्टीन नाम के एक अमेरिकी फाइनेंसर पर नाबलिग लड़कियों की तस्करी के आरोप लगे। वह इन लड़कियों को एक प्राइवेट आइलैंड पर रखता था, जहां अमेरिका और दुनिया भर के राजनेता, बिजनेसमैन आते थे, उन लड़कियों से संबंध बनाते थे। जेफरी के मरने के बाद एपस्टीन आइलैंड का मामला खूब चर्चा में रहा है। कॉमेडियन ट्रेवर नोआ ने इसी आईलैंड पर डोनाल्ड ट्रंप के जाने की बात कही, जिससे वह खफा नजर आए और झूठे आरोप लगाने पर मुकदमा करने की धमकी दी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button